अच्छा रिश्ता अक्सर एक छोटी-सी गलती पर लौट जाता है — सामने वाले को फ़ोटो साफ़ नहीं दिखी, नंबर ग़लत था, या बायोडाटा पढ़ते-पढ़ते थक गए। ये 12 गलतियाँ हम सबसे ज़्यादा देखते हैं। हर एक के साथ सही तरीका भी लिखा है।
1. दो या तीन पेज का बायोडाटा
बायोडाटा कहानी नहीं, एक नज़र की जानकारी है। लंबा बायोडाटा पढ़ा नहीं जाता।
सही: एक पेज। पूरी जानकारी न समा रही हो तो कम ज़रूरी फ़ील्ड (जैसे वज़न, ब्लड ग्रुप) छिपा दें।
2. धुंधली, पुरानी या फ़िल्टर वाली फ़ोटो
सबसे ज़्यादा रिश्ते इसी पर लौटते हैं। ग्रुप फ़ोटो से काटी फ़ोटो या सेल्फ़ी कैमरे की टेढ़ी फ़ोटो भरोसा नहीं जगाती।
सही: पिछले 6 महीने की, दिन की रोशनी में, कंधे तक की फ़ोटो। चेहरा फ़्रेम का एक-तिहाई हो।
3. उम्र या कद में "थोड़ा-सा" बदलाव
एक साल कम उम्र या एक इंच ज़्यादा कद लिखना छोटी बात लगती है, पर मुलाक़ात में पता चलते ही भरोसा टूट जाता है।
सही: जन्म तिथि सही लिखें; उम्र अपने आप निकलेगी। कद नापकर लिखें — हाइट कन्वर्टर से फ़ीट-इंच और सेंटीमीटर दोनों।
4. सिर्फ़ "B.Tech" या "Job" लिखना
"प्राइवेट जॉब" से कुछ पता नहीं चलता।
सही: "सॉफ़्टवेयर इंजीनियर, इन्फ़ोसिस, पुणे" या "शिक्षिका, केंद्रीय विद्यालय, भोपाल"। पद, संस्था और शहर — तीनों।
5. फ़ोन नंबर ग़लत या बंद
कई बायोडाटा में पुराना नंबर होता है या ऐसा नंबर जिस पर कोई फ़ोन नहीं उठाता।
सही: पिता या माँ का चालू नंबर, जिस पर WhatsApp हो। भेजने से पहले एक बार ख़ुद मिलाकर देखें।
6. "मेरे बारे में" में घिसे-पिटे शब्द
"मैं शांत, सरल और ईमानदार हूँ" — हर दूसरे बायोडाटा में यही है।
सही: एक असली बात लिखें: "हर रविवार दादी के साथ मंदिर जाती हूँ और शाम को बैडमिंटन खेलती हूँ।" 40 उदाहरण यहाँ हैं।
7. अपेक्षाओं में शर्तों की लंबी सूची
"गोरी, पतली, 5'5" से ऊपर, सरकारी नौकरी, घरेलू" — पढ़ने वाले को लगता है कि आप चुन नहीं रहे, छाँट रहे हैं।
सही: दो-तीन मूल बातें, विनम्र भाषा में। अपेक्षाओं के 30 उदाहरण।
8. वर्तनी और नामों की गलतियाँ
"Engeneer", "B.Com पास" या पिता के नाम की ग़लत वर्तनी — छोटी गलती, पर लापरवाही का संदेश।
सही: भेजने से पहले किसी दूसरे से पूरा बायोडाटा एक बार पढ़वाएँ।
9. बहुत ज़्यादा रंग और डिज़ाइन
चमकीले रंग, बड़े-बड़े फूल और पाँच अलग फ़ॉन्ट पढ़ने में मुश्किल करते हैं, ख़ासकर फ़ोन पर।
सही: एक सादा, साफ़ डिज़ाइन। पारंपरिक पसंद हो तो हल्का बॉर्डर और एक धार्मिक चिह्न काफ़ी है। 110 डिज़ाइन देखें।
10. Word फ़ाइल भेजना
Word फ़ाइल फ़ोन पर बिगड़ जाती है, और कोई भी उसे बदल सकता है।
सही: PDF (प्रिंट के लिए) और JPG फ़ोटो (WhatsApp के लिए) — दोनों रखें।
11. निजी जानकारी ज़रूरत से ज़्यादा
पूरा घर का पता, आधार नंबर, बैंक या जायदाद का ब्योरा बायोडाटा में न लिखें। बायोडाटा बहुत हाथों से गुज़रता है।
सही: शहर और इलाक़ा काफ़ी है। पूरा पता रिश्ता आगे बढ़ने पर दें।
12. कुंडली की जानकारी अधूरी
जिन परिवारों में कुंडली मिलती है, वहाँ जन्म का समय या स्थान न होने पर बात वहीं रुक जाती है।
सही: जन्म तिथि, समय, स्थान, राशि, नक्षत्र, गोत्र और मांगलिक — सब एक जगह। कुंडली विवरण समझें।
भेजने से पहले 2 मिनट की जाँच
- फ़ोटो साफ़ और हाल की है
- एक पेज में सब आ गया
- जन्म तिथि, कद, पढ़ाई, नौकरी सही हैं
- फ़ोन नंबर चालू है और WhatsApp पर है
- वर्तनी किसी और ने जाँची
- PDF और JPG दोनों तैयार हैं